– गेंथरी माता मन्दिर पर विशाल हिन्दू सम्मेलन आयोजित
भिण्ड, 18 जनवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसीक्रम में आलमपुर के समीप स्थित प्राचीन स्थल (बाराही देवी) गेंथरी माता मन्दिर पर विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसमें गेंथरी मंडल की चार ग्राम पंचायतों के करीब एक दर्जन गांव के हिन्दु समाज के हजारों लोग शामिल हुए हैं।
विशाल हिन्दू सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर गेंथरी एवं बेलमा गांव के बीच स्थित सिद्ध बाबा मन्दिर से डीजे बैंड के साथ कलश यात्रा शुरू हुई जो गेंथरी गांव में भ्रमण के पश्चात मुख्य सड़क मार्ग से बाराही देवी गेंथरी माता मन्दिर पर पहुंची। कलश यात्रा में महिलाएं एवं बेटियां सिर पर कलश रखकर चल रही थीं, तो वहीं नवयुवक हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा के साथ मनमोहक झाकियां भी चल रही थी। सकल हिन्दू सम्मेलन के दौरान, गौ पूजन, संगीतमय सुंदरकांड पाठ का वाचन सहित बच्चों द्वारा राष्ट्रीय भक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर महंत पुरूषोत्तम दास महाराज मिहौनी आश्रम, महंत प्रवीण दास महाराज रामवाड़ा अमरा मोंठ, महंत राघवदास महाराज संकट मोचन हनुमान मंदिर बिचौली जालौन, महंत जानकी जीवन शरण महाराज गोरा सरकार, संत ठाकुर दास महाराज बाराही देवी मन्दिर गेंथरी मंच पर विराजमान थे और महंत एवं संतों ने अपने-अपने विचार प्रकट किए।
मुख्य वक्त विभाग प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुरैना धनराज जी ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, अटक से लेकर कटक तक हमारा हिन्दू समाज एक है। हिन्दू समाज की एकता के कारण ही कश्मीर से धारा 370 हटाई गई है और हिन्दू समाज की एकता से अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर बना है। हमें अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए जात-पात का भेदभाव मिटाकर एकजुटता से रहना है। हमारी संस्कृति हमें प्रेम, सहिष्णुता और एकता का संदेश देती है। अपने बच्चों को अपने धर्म और संस्कृति से अवगत कराए और आगे बढ़ाए। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन जितेन्द्र सिंह कौरव दबोह द्वारा किया गया। हिन्दू सम्मेलन का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ और अंत में कार्यक्रम में पधारे सभी लोगों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।


