– कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला स्विट्जरलैंड की विदेश यात्रा पर हुए रवाना
– मेहगांव की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर किया अभिवादन
भिण्ड, 17 जनवरी.मनीष दुबे ।
मप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग राकेश शुक्ला सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्विट्जरलैंड यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। शनिवार को उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र मेहगांव स्थित बंगले से विदेश यात्रा के लिए प्रस्थान किया। मेहगांव विधानसभा की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया, पुष्प वर्षा कर मंत्री को विदेश यात्रा के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिवादन किया।
मंत्री राकेश शुक्ला ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर बताया कि कल 18 जनवरी को वे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ स्विट्जरलैंड रवाना होंगे। यह यात्रा एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें करीब 130 देशों के प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। लगभग 3 हजार लोग विभिन्न देशों से आकर इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। हमारे देश के चार राज्यों के मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी भी उपस्थित रहेंगे। यह तीन से चार दिनों का कार्यक्रम संवाद और विभिन्न सत्रों के माध्यम से आयोजित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य मप्र के सर्वांगीण विकास को गति देना है।
मंत्री शुक्ला ने कहा कि हम विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए प्रयासरत हैं। सौर ऊर्जा, नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन तथा विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मप्र हर दिशा में अग्रणी प्रदेश बने, इसके लिए ये प्रयास किए जा रहे हैं। इस यात्रा से मप्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले अवसर प्राप्त होंगे। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग सौर ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से विस्तार देगा। प्रदेश में सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता हासिल की जाएगी। विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी से रोजगार सृजन होगा। मुख्यमंत्री के विजन से मप्र विकास की नई दिशा में अग्रसर है।


