भिण्ड, 14 जनवरी। आलमपुर थाना क्षेत्र के गांगेपुरा गांव में बीती देर रात एक नवयुवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार गांगेपुरा निवासी आशीष दौहरे उम्र 22 वर्ष पुत्र अमर सिंह दौहरे ने मंगलवार की देर रात अपने घर के अंदर बने कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि मृतक इकलौता लड़का था और ग्वालियर रहकर तैयारी कर रहा था। मकर संक्रांति को लेकर वह दो दिन पूर्व ही अपने घर लौटा था। मृतक के पिता अमर सिंह दौहरे गुजरात में रहकर किसी कंपनी में नौकरी करते हैं एवं गांव में मां और छोटी बहिन रहती थी। मंगलवार की रात जब काफी देर तक आशीष घर नहीं लौटा तो उसकी मां ने पड़ोस में ही रहने वाले अपने अन्य संबंधियों को यह बताई। जिसके बाद आशीष की तलाश की गयी तो घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। जब सभी लोग दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो वह कमरे में ही फांसी पर लटका मिला। जिसके बाद तत्काल आलमपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची आलमपुर थाना पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जन्मदिन के दिन हुई मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार को ही मृतक आशीष का जन्मदिन था और संक्रांति के साथ ही वह अपना जन्मदिन मनाने भी दो दिन पहले ही घर लौटा था, लेकिन मंगलवार को ही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इनका कहना है:
”आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की विवेचना की जा रही है।ÓÓ
रवि उपाध्याय, थाना प्रभारी आलमपुर


