– 20 से 25 मार्च तक गोहद में होगा पंच कल्याणक महोत्सव
भिण्ड, 12 जनवरी। आगामी 20 से 25 मार्च तक गोहद में आयोजित होने वाले भव्य पंच कल्याणक महोत्सव की तैयारियों को लेकर पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने प्रशासनिक अधिकारियों की पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह पर बैठक ली। जिसमें आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने अधिकारियों को निर्देश बताया कि पंच कल्याणक जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, पार्किंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं को समय रहते सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया कि पंचकल्याणक महोत्सव में बड़ी संख्या में देश-प्रदेश से श्रद्धालु गोहद पहुंचेंगे, ऐसे में नगर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना आवश्यक है। पूर्व मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी आयोजन की तैयारियों को लेकर अब तक की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम राजन नाड़िया, तहसीलदार विश्राम शाक्य, राकेश श्रीवास्तव, सीएमओ रिहान अली, सीईओ सुनीता शर्मा, नगर परिषद के कर्मचारी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


