– नल-जल योजना में खामियां उजागर, तत्काल सुधार के निर्देश
भिण्ड, 06 जनवरी। एकल ग्रामीण नल-जल प्रपात योजना के अंतर्गत मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गोहद राजन बी नाड़िन ने ग्राम चक सर्वा, सर्वा, खेरिया रज्जू एवं चक तुकेड़ा में मौके पर पहुंचकर योजना के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने गांव में ग्रामीणों से चर्चा की तथा पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण में यह पाया गया कि पीएचई विभाग द्वारा लगाए गए कुछ नल-जल कनेक्शनों में लीकेज की समस्या है, जिसके कारण जल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
इस पर एसडीएम राजन बी नाड़िन ने संबंधित विभाग को तत्काल लीकेज सुधारने, पाइप लाइन की आवश्यक मरम्मत कराने तथा तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने निर्देशित किया कि ग्रामीणों को समय पर एवं नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी योजना है, इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कार्य की सतत निगरानी करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।


