भिण्ड, 05 जनवरी। मालनपुर थाना अंतर्गत बढ़ती गुंडागर्दी से रहवासी परेशान हैं, सरेआम 30 मिनट के अंदर तीन जगह पर ताबड़तोड़ फायरिंगकी। जिसकी शिकायत फरियादी ने थाने में की है।
जानकारी के अनुसार फरियादी रमन तिवारी पुत्र कमल किशोर तिवारी ने पुलिस को बताया कि चार-पांच जनवरी की दरम्यानी रात 9:50 बजे अंशुल उर्फ दशरथ सिंह पुत्र नेतराम गुर्जर निवासी मालनपुर अपने अन्य साथियों के साथ पहले पुरानी हवेली उसके बाद फरियादी का चाचा रामअवतार तिवारी के घर पर देसी कट्टा से फायर कर गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद सब्जी मंडी कमल किशोर तिवारी उर्फ टीटीआई फरियादी के पापा के मकान के बाहर कट्टा लहराते हुए फायर किए और गाली देते हुए कहा कि बाहर निकलो तुम्हें जान से मार डालूंगा। उसके बाद आगे चलकर कुएं के पास फायरिंग की इस तरह ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए तिवारी परिवार को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और सभी लोग भाग गए। इस प्रकार से बढ़ती हुई इस तरह की गुंडागर्दी से सरेआम गोलियां फायरिंग करने से ग्राम मालनपुर की जनता में दहशत का माहौल बना हुआ है।
फरियादी रमन तिवारी के पिता कमल किशोर ने कहा कि इस बदमाश पर पहले से मालनपुर थाने में एक दर्जन प्रकरण दर्ज हैं और कलेक्ट्रेट भिण्ड में भी हिस्ट्रीशीटर में हमारे बयान भी हो चुके है। जिसकी फाइल ऊपर रुकी पड़ी हुई है। पुलिस प्रशासन के इस तरह के ढीले रवैया के कारण इस तरह के गुंडो के हौसले बुलंद है।
इनका कहना है:
”कल हुई वारदात को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है जिसको जांच में लिया गया है अपराधियों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।”
प्रदीप कुमार सोनी, थाना प्रभारी मालनपुर


