भिण्ड, 03 जनवरी। गोहद नगर में हाल ही में डाली गई नई पानी की लाइन से भी गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। वार्ड क्र.7 के लोग इस समस्या से गंभीर रूप से परेशान हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नई पाइप लाइन बिछाने के बाद साफ पेयजल मिलने की उम्मीद थी, लेकिन आज बेहद गंदा पानी नलों में सप्लाई किया गया। नलों में हुई पानी की सप्लाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नलों से मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी निकलता साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पाइप लाइन डालने बालों को भी सूचित किया गया है। वार्डवासियों का आरोप है कि गंदा पानी पीने और उपयोग करने से बच्चों व बुजुर्गों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। कई लोगों को पेट से जुड़ी बीमारियों की आशंका भी सता रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पानी की लाइन की तत्काल जांच कराई जाए, सप्लाई बंद कर शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेता है।
इनका कहना है:
”वार्ड 7 में शनिवार को गंदा एवं बदबूदार पानी की सप्लाई नई पाइप लाइन से की गई। जिसके पीने से गंभीर बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ है।”
मजीद खान, गोहद


