भिण्ड, 01 जनवरी.मनीष दुबे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार मेरा युवा भारत केन्द्र भिण्ड के निर्देशन में जिले के रौन प्रखण्ड अंतर्गत ग्राम नदना स्थित जसवली सरकार मंदिर परिसर में जसवली सरकार समाजसेवा युवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रखण्ड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में रौन एवं लहार प्रखण्ड के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में युवाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी मछण्ड चौकी रविन्द्र सिंह तोमर रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू एवं ग्राम नदना के पूर्व सरपंच जगदीश सिंह नदना उपस्थित रहे। आयोजन में जसवली सरकार समाजसेवा युवा मंडल के अध्यक्ष रामबीर सिंह राजावत, कोषाध्यक्ष मुन्नेश सिंह सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस दौड़ एवं वॉलीबाल की नॉक-आउट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दौड़ प्रतियोगिता के युवती वर्ग में नेहा राजावत ने प्रथम, शिवानी बघेल ने द्वितीय तथा बिंदिया बघेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवक वर्ग की दौड़ में अभिषेक राजावत प्रथम, मोनू राजावत (रायकोट) द्वितीय एवं नीरज सिंह तृतीय स्थान पर रहे। द्वितीय दिवस गोला फेंक, रस्साकस्सी एवं वॉलीबाल फाइनल मुकाबले खेले गए। गोला फेंक प्रतियोगिता के युवती वर्ग में काजल प्रथम, वर्षा रावत द्वितीय एवं राधा राजावत तृतीय स्थान पर रहीं। युवक वर्ग में रिंकू राजावत प्रथम, विष्णुप्रताप सिंह द्वितीय एवं विश्वप्रताप सिंह तृतीय स्थान पर रहे। रस्सा कस्सी प्रतियोगिता में जानकी महिला मंडल की टीम विजेता तथा राधा महिला मंडल की टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल फाइनल में ग्राम नदना की टीम विजेता एवं ग्राम मूरतपुरा की टीम उपविजेता रही।
खेल प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका शा. उमावि नदना के पीटीआई मनोज सिंह तोमर एवं प्राइवेट खेल कोच अभिषेक भदौरिया ने निभाई। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत केन्द्र भिण्ड के पीटीएस धर्मवीर सिंह एवं प्रमोद यादव ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने युवाओं को खेल, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों पर प्रेरक व्याख्यान दिया। साथ ही सामाजिक कुरीति बाल विवाह रोकथाम हेतु उपस्थित युवाओं को शपथ दिलाई गई।
समापन अवसर पर सभी विजेता खिलाड़ियों को उनके स्थानानुसार ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ-साथ माय भारत टी-शर्ट एवं निक्कर का सेट देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने रौन एवं लहार प्रखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सराहना करते हुए जसवली सरकार समाज सेवा युवा मंडल के इस सराहनीय आयोजन की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।


