भिण्ड, 23 दिसम्बर.मनीष दुबे। रतनगढ़ वाली माता के प्रति लोगों में कितनी आस्था है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस कड़ाके की सर्दी और घने कोहरा के बीच ग्राम रूरई के एक दर्जन से अधिक युवा भक्तगण पैड़ भरकर (दण्डवत यात्रा कर) रतनगढ़ वाली माता मन्दिर पर दर्शन करने के लिए निकले हैं।
बताया गया है कि ग्राम रूरई के अबधेश सिंह चौहान, रोहित तिवारी, अनिकेत चौहान, आकाश सिंह चौहान, लवकुश सिंह चौहान, रायवेन्द्र सिंह चौहान, उपेन्द्र कुशवाहा, सतेन्द्र सिंह चौहान, अनिल सिंह चौहान, रोहित तिवारी, इन्द्रपाल परिहार, गोलू विश्वकर्मा, श्यामू सिंह चौहान, अंकित सिंह चौहान एवं गोलू सिंह चौहान इत्यादि सोमवार को गांव में स्थित माता सिंह वाहिनी के दर्शन कर हाथों में नारियल लेकर डीजे बैंड के साथ पैड़ भरकर (दण्डवत यात्रा कर) रतनगढ़ वाली माता के दर्शन करने के लिए निकले और माता के भक्तगण मंगलवार को दोपहर आलमपुर पहुंच गए हैं। रतनगढ़ वाली माता मन्दिर पर पैड़ भरकर जाने वाले युवा भक्तगणों के साथ गांव के दो दर्जन से अधिक नवयुवक माता के जयकारे लगाते हुए पैदल चल रहे हैं।
बताया गया है कि माता के भक्तगण गुरूवार तक रतनगढ़ वाली माता मन्दिर पर पहुंचकर माता के दर्शन कर लेंगे। इस समय कोहरा और कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है और लोग सर्दी से बेहाल हैं। ऐसी स्थिति में रतनगढ़ वाली माता के मन्दिर पर पैड़ भरकर दर्शन करने के लिए जाने वाले दर्शनार्थियों की कोहरा और कड़ाके की सर्दी पर आस्था भारी पड़ रही है।


