-गुरुवार को फूप सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लगाया गया था नसबंदी ऑपरेशन शिविर
भिण्ड, 19 दिसम्बर। फूप के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गुरुवार को लगाए गए नसबंदी शिविर में ऑपरेशन कराने आई एक महिला की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर महिला को जिला अस्पताल भिण्ड लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के लिए दल गठित किया है।
जानकारी के मुताबिक सुखदेवी पत्नी नरेन्द्र भदौरिया उम्र 45 वर्ष ग्राम ज्ञानपुरा निवासी ने करीब चार माह पहले एक बेटे को जन्म दिया था। इससे पहले उसकी तीन बेटियां थीं। चौथे बच्चे के जन्म के बाद वह फूप के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गुरुवार को लगने वाले शिविर में नसबंदी ऑपरेशन कराने गांव की आशा कार्यकर्ता और अपनी देवरानी रेखा के साथ पहुंची। शिविर में भिण्ड के सर्जन डॉ. जेआर शाक्य द्वारा चार ऑपरेशन सफल रहने के बाद पांचवां ऑपरेशन के दौरान सुखदेवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बेहोश होने पर महिला को अन्य उपचार दिया गया, लेकिन हालत नहीं सुधरने पर उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को महिला का पीएम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना की सूचना फूप थाना पुलिस को भी दी गई है। इस घटना की जानकारी जब जिला स्वास्थ्य अधिकारियों और फूप सीएचसी के बीएमओ डॉ. तपीश शर्मा को मिली तो उन्होंने कलेक्टर को अवगत कराने के बाद जांच दल गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


