– रात में छापा के दौरान मोटर-ड्रम जब्त, गेहूं पर पानी छिड़कने का मामला
भिण्ड, 17 दिसम्बर। जिले के गोहद स्थित शासकीय वेयर हाउस में पीडीएस राशन के गेहूं की बोरियों पर देर रात पानी के छिड़काव का मामला सामने आया है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने मौके पर छापामार कार्रवाई कर पानी छिड़कने में इस्तेमाल हो रही मोटर और ड्रम जब्त कर लिए हैं।
मामले की जांच के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय से तीन अधिकारियों की टीम गोहद वेयर हाउस पहुंची। टीम में नागरिक आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी राजेश चौधरी, वेयर हाउस लॉजिस्टिक्स के अधिकारी राकेश सिंह भदौरिया और खाद्य आपूर्ति विभाग की कनिष्ठ अधिकारी ज्योति थानेश्वर शामिल थे। यह टीम अनाज की जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी, जिसके बाद तय होगा कि यह नियम विरुद्ध पानी का छिड़काव था या कीटनाशक प्रक्रिया।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामबिहारी सिंह तोमर ने बताया कि इसी वेयर हाउस से उचित मूल्य की दुकानों पर अनाज सप्लाई होता है। पिछले कुछ दिनों से खराब गेहूं पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना पर जब रात में छापा मारा गया, तो बोरियों पर पानी का छिड़काव होते मिला। टीम ने पंचनामा बनाकर सामान जब्त कर कमरे को सील कर दिया है। वेयर हाउस प्रबंधक संजेश लोहिया ने सफाई देते हुए बताया कि अनाज को सुरक्षित रखने के लिए डेल्टामेथ्रिन/ मेलाथिन दवा का छिड़काव किया जा रहा था। यह प्रक्रिया हर 15 दिन में होती है। उन्होंने उल्टे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पर अवैध मांग करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जांच में ‘दूध का दूध और पानी का पानीÓ हो जाएगा।


