-देहात थाना क्षेत्र के जवाहर पुरा गांव के पास हुई दुर्घटना
भिण्ड, 16 दिसम्बर। देहात थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 719 पर इटावा रोड स्थित जवाहरपुर गांव के पास एक स्कॉर्पियो ने मोटर साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 8 बजे की है। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और यातायात बहाल कराने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बरहे का पुरा निवासी रामू उम्र 22 साल पुत्र रामकुमार बघेल सोमवार सुबह करीब 8 बजे मोटर साइकिल से भिण्ड शहर जा रहा था। तभी जवाहरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसको टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रामू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। देहात थाना पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है और स्कॉर्पियो जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
यहां बता दें कि नेशनल हाईवे 719 का यह पाइंट हादसा पॉइंट बन गया है। पिछले साल 17 फरवरी को ठीक इसी जगह पर एक डंपर ने लोडिंग वाहन को टक्कर मारी थी। उस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा था। एक बार फिर उसी जगह हादसा हो गया।


