– जिला कांग्रेस प्रतिनिधि मण्डल ने कलेक्टर से रेत के अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन पर रोक लगाने की मांग की
भिण्ड, 11 दिसम्बर। जिले में बड़े पैमाने पर खदानों से रेत के अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन के विरोध में ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के प्रतिनिधि मण्डल ने कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना को एक शिकायत पत्र सौंपा है।
ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि रेत माफियाओं ने भिण्ड जिले में सिंध नदी में पनडुब्बी एवं मशीनों से रेत खनन करके सिंध नदी को छलनी कर दिया है, जिससे जल जीव एवं वातावरण प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक अवैध उत्खनन विधानसभा क्षेत्र मेहगांव में सिंध नदी की जितनी रेत खदाने हैं उनमें हो रहा है। रेत खनन हेतु रायल्टी 15 से 16 घनमीटर के लिए काटी जाती है, लेकिन बड़े- बड़े ट्रोला ओवरलोड करके 32 से 35 घनमीटर रेत भरकर भाजपा और खनिज विभाग के संरक्षण में निरंतर चल रहे है। ऐसी स्थिति में रायल्टी की दर एवं ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे राजस्व की हानि हो रही है और ऐसे ओवरलोड परिवहन के कारण अनगिनत हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जाने चली गई और कई जीवन भर के लिए अपाहिज हो गए हैं।
बघेल ने कहा कि भिण्ड विधानसभा क्षेत्र में रेत संबंधित कंपनियों की दरों में भेद किया जा रहा है। गरीब नागरिकों के ट्रेक्टर पर 4500 रुपए पर रॉयल्टी ली जा रही है, दबंग और बेजेपी से संबंधित लोगों से मात्र 2500 रुपए प्रति ट्रेक्टर रॉयल्टी ली जा रही है, ऐसी स्थिति मे गरीबो को भी समानता का अवसर दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के अमायन थाना अंतर्गत सबसे अधिक बिना रॉयल्टी और ओवरलोड वाहन पुलिस के संरक्षण में संचालित हो रहे है। रेत माफिया गरीब किसानों के खेतों में बल पूर्वक रास्ता बना लेते हैं, रोकने पर झगड़ा करने पर आमादा रहते हैं। रेत माफियाओं के डर से गरीब नागरिक परेशान होते हुए भी पुलिस में शिकायत नहीं कर पाते हैं।
बघेल ने रेत खदान कंपनी पर रेत का अवैध उत्खनन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रेत खदान के लिए जिस कंपनी को जो खदान आबंटित है, उस कंपनी को कितने क्षेत्र से रेत उठाना है बिना सीमांकन के दुगुनी-चौगुनी जगह में रेत कंपनियां रेत उठा रही है, ऐसी स्थिति में सीमांकन कराया जाकर सीमा चिन्ह निर्धारित कराए जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेत माफियाओं के हौसले बुलंद होकर खुलेआम अवैध उत्खनन कर ओवरलोड वाहन संचालित कर रहे हैं, अमायन की सड़क के अलावा अन्य सड़कों पर रात में बिना रॉयल्टी और ओवरलोड वाहनों का नजारा देखा जा सकता है।
कांग्रेस ने कलेक्टर से जांच कराकर सही रॉयल्टी निर्धारित कर ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाने एवं अवैध तरीके से अवैध उत्खनन रोके जाने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। जिला कांग्रेस ने रेत के अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन नहीं रोका गया तो बड़े आंदोलन करने की चेतावनी दी। प्रतिनिधि मण्डल में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, उपाध्यक्ष महेश जाटव, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, अरविन्द यादव, राजेन्द्र यादव, राजवीर सिंह बघेल, अभिलाख सिंह यादव फौजी, मोहर सिंह जामोर, रामसेवक मौर्य, संदीप बघेल, प्रमोद बघेल, रोहित अर्गल उपस्थित रहे।


