– 49 करोड़ के निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने की पहल
भिण्ड, 11 दिसम्बर। अग्रणी जिला प्रबंधक भिण्ड ने बतायाकि जिला प्रशासन भिण्ड द्वारा वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार, वित्त मंत्रालय के निर्देशानुसार, जिले में निष्क्रिय बैंक खातों को पुन: परिचालित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में ‘आपकी पूंजी आपका अधिकार’ संबंधित एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन 12 दिसंबर को कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में किया जाएगा।
विदित हो कि भिण्ड जिले में लगभग 49 करोड़ रुपया राशि के खाते निष्क्रिय हो चुके हैं। इन अपरिचालित और अप्रचलित खातों को दोबारा सक्रिय करने के उद्देश्य से, वित्तीय सेवा विभाग ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान के फेज 8 के तहत भिण्ड जिले को शामिल किया है। जिसका उद्देश्य अपरिचित खातों को प्रचलित करने और खाताधारकों को जागरूक करना है।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निर्देशानुसार जिले के सभी जिला एवं नेटवर्क बैंकों के अधिकारीगण तथा सभी संबंधित विभागों के अधिकारी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। इस शिविर में लगभग 5 करोड़ रुपया तक के खातों को जागृत (सक्रिय) करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। यह पहल न केवल खाताधारकों को उनकी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने में मदद करेगी, बल्कि वित्तीय समावेशन और जागरूकता को भी बढ़ावा देगी। जिला प्रशासन भिण्ड ने सभी खाताधारकों से अपील की है कि वे इस अभियान के बारे में जागरूक हों और अपने निष्क्रिय खातों को पुन: चालू करने के लिए संबंधित बैंकों से संपर्क करें।

