– गुणवत्ता परखने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया
भिण्ड, 10 दिसम्बर। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) पवन तिवारी बुधवार को अटेर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केन्द्रों के औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्रों की स्थिति देखी। कुछ जगह कम बच्चे मिले, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यकर्ताओं व सुपर वाईजरों को आवश्यक निर्देश दिए। बच्चों की भोजन व्यवस्था परखने के लिए डीपीओ ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।
कई केन्द्रों पर ऐसे होने जहां आंगनबाड़ी नहीं खुलती या बच्चों की संख्या बहुत कम होने की शिकायतों के चलते जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन तिवारी ने अटेर परियोजना के आंगनबाड़ी केन्द्र क्र.2, 3 और 4 का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, पोषण आहार वितरण, साफ-सफाई व्यवस्था देखी। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बनाए जा रहे भोजन की जांच के लिए डीपीओ ने बच्चों के साथ भोजन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सामग्री पूरी मात्रा में उपलब्ध हो और समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पोषण ट्रैकिंग ऐप, टीकाकरण रजिस्टर और शिक्षण गतिविधियों की स्थिति भी देखी। साथ ही बच्चों में कुपोषण पर विशेष निगरानी रखने और सभी रिकार्ड समय पर अपडेट करने को कहा। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संपर्क करने और पात्र बच्चों को केन्द्र से जोड़ने के निर्देश दिए।


