– भिण्ड कलेक्ट्रेट पहुंचकर वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 08 दिसम्बर। गोहद नगर के आबादी क्षेत्र, मन्दिर एवं शैक्षणिक संस्थानों के समीप संचालित शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर वार्ड क्र.16 गांधी नगर गोहद के नागरिक भिध्ड कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा के नाम डिप्टी कलेक्टर विकाश कैमौर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आधा सैकड़ा से अधिक वार्डवासी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में बताया गया है कि मण्डी गाय-बछड़ा तिराहा, गोहद चौराहा राजमार्ग पर अंग्रेजी एवं देशी कंपोजिट शराब की दुकान संचालित हो रही है, जो घनी आबादी, मन्दिर एवं शैक्षणिक संस्थानों के समीप होने से लगातार विवाद और असुविधा का कारण बन रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शराब दुकान के आस-पास आए दिन शराबियों और ठेका कर्मचारियों के बीच झगड़े, गाली-गलौच और अभद्र व्यवहार होते रहते हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असुरक्षा की भावना घेर रही है। स्कूल पास होने के कारण बच्चों पर पड़ने वाला नकारात्मक प्रभाव भी लोगों की चिंता बढ़ा रहा है, वहीं मन्दिर के निकट दुकान होने से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके की गंभीरता को देखते हुए स्थल का निरीक्षण कर जनहित व न्यायहित में शराब ठेका अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में गुड्डी बांगर, सुनीता बांगर, कमला बाई, करन राजपूत, ऊषा, गुड्डी बाई, चमेली बाई, कंचन सिंह, प्रहलाद सिंह, धारासिंह, नारायन सिंह, विशाल बांगर, धनीराम बांगर, रमेश, जयसिंह, आदर्श, बासुदेव, सुरेश, जितेन्द्र, राजकुमार, अनिकेत, गोलू, नीरज गर्ग, सचिन देसाई, रवि वृजबंशी, सुखदेव, कन्हैया, भानु इंदौरिया, मोनू बांगर, चरन सिंह, अजय बाल्मीक, अनिल, हिमांशु, लवकुश, अभिषेक सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और सभी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और मर्यादित वातावरण बनाए रखने की पुरजोर मांग की।


