– जिले में मौसम का मिजाज बदला
भिण्ड, 07 दिसम्बर। जिले में विगत दो दिनों से दिन और रात दोनों के तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप राहत जरूर दे रही है, लेकिन सर्द हवाएं सुबह और शाम को फिर ठंड का एहसास कराने लगी हैं, जिससे दिन का पारा भी नीचे आने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भिण्ड का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो रविवार सुबह बढ़कर 11 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह अधिकतम तापमान भी 23 डिग्री से बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में हल्के बादल छाने से न्यूनतम तापमान में मामूली उछाल जरूर दिखा, लेकिन दिन में खुली धूप ने लोगों को ठण्ड से राहत दी। शनिवार की तुलना में रविवार को जिले के तापमान में हल्की तेजी देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में फिर गिरावट आएगी और सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा। धूप भले ही दिन में राहत दे, लेकिन सूरज ढलते ही सर्दी फिर बढ़ने लगेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि रात होते ही ओस जमने लगती है, जिससे ठंड और तेज महसूस होती है। चिकित्सक और मौसम विशेषज्ञ सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं। खासतौर से बाइक सवारों और यात्रा पर निकलने वालों को दिन में भी जैकेट, मफलर और ग्लव्स साथ रखने की चेतावनी दी गई है। धूप के बावजूद उत्तर-पश्चिमी हवाएं पूरे जिले में शीतलहर जैसे हालात बना रही हैं।


