– केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की पहल पर गुना के किसानों के लिए 2674 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध
– किसानों की सुविधाओं के लिए पंडाल, पानी व सहायता डेस्क की व्यवस्था
गुना, 03 दिसम्बर। प्रदेश के गुना जिले में किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल पर आज 2675 मीट्रिक टन डीएपी खाद गुना पहुंच चुकी है। यह पूरी खेप केन्द्र एवं राज्य सरकार के समन्वित सहयोग से उपलब्ध कराई गई है। अपने हालिया प्रवास पर केन्द्रीय मंत्री ने स्वयं वितरण केन्द्रों पर जाकर प्रणाली का गहन निरीक्षण किया था और तत्काल रूप से काउंटरों की संख्या में इजाफा करवाया था। इसके साथ ही उन्होंने सहायता डेस्क, पानी और पंडाल जैसी सहूलियतों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सिंधिया ने किसानों से और खाद गुना पहुंचाने की बात कही थी जो आप गुना पहुंच चुकी है।
सिंधिया ने स्वयं देखी थी किसानों की वास्तविक स्थिति
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह ही सिंधिया अपने गुना संसदीय क्षेत्र के दौरे से लौटे हैं। इस दौरान उन्होंने कई खाद वितरण केन्द्रों का व्यक्तिगत रूप से औचक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को सभी अव्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खाद की लंबी कतारें देखकर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने किसानों की वास्तविक जरूरतों को नजदीक से महसूस किया और तत्काल खाद वितरण केन्द्रों पर काउंटर की संख्या 15 से 33 तक बढ़वाई। इसके साथ ही उन्होंने सरकार के समक्ष अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने का अनुरोध रखा। जिसके परिणामस्वरूप आज 2675 मीट्रिक टन यूरिया का रेक गुना पहुंचा है। खाद की यह खेप अब जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में किसानों तक सुचारु, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जा रही है, ताकि किसी भी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा या कठिनाई न हो।
4 से होगा सुचारु वितरण, 71 सोसाइटियों को 1778 मीट्रिक टन डीएपी खाद
जिला प्रशासन ने वितरण के लिए पूरी व्यवस्था तैयार कर ली है, जिसके तहत 1778 मीट्रिक टन यूरिया 4 दिसंबर से 71 प्राथमिक कृषि साख सोसाइटियों के माध्यम से किसानों को वितरित होगा और शेष मात्रा का वितरण निजी अधिकृत डीलरों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि किसी किसान को प्रतीक्षा न करनी पड़े। इसके अतिरिक्त एनएफएल से प्राप्त खाद भी लगातार डबल लॉक केन्द्रों में पहुंच रही है, जिससे किसानों को तीनों माध्यम समिति, डबल लॉक केन्द्र और निजी दुकानों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध रहे।
अन्नदाता के सम्मान और सुविधा के लिए सदैव प्रतिबद्ध : सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना है कि मेरे अन्नदाता किसान भाइयों की जरूरतें ही मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी हैं। खाद की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना मेरा निरंतर प्रयास है और मैं हर कदम पर अपने किसानों के साथ खड़ा हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के डबल इंजन सरकार किसानों के हित और खाद की पर्याप्त सप्लाई के लिए प्रतिबद्ध है। खाद की इस खेप के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और मप्र के मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। गौरतलब है कि सिंधिया समय-समय पर क्षेत्र में खाद की उपलब्धता की व्यक्तिगत तौर पर समीक्षा करते रहे हैं और किसानों की सुविधा पर निरंतर नजर बनाए रखते हैं।


