भिण्ड, 03 दिसम्बर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शा. एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड में भोपाल गैस त्रासदी भयावह घटना के स्मरण दिवस पर श्रद्धांजली सभा का आयोजन किया गया। भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड प्लांट में 2 दिसंबर 1984 को आधी रात में मिथाइल आइसोसाइनेट (एमआईसी) के रिसाव के कारण तत्काल 2660 निर्दोष लोगों की मौत हो गई, इसके अलावा आसपास के इलाकों में दस हजार से ज्यादा लोग शारीरिक रूप से विकलांग हो गए, इसके अतिरिक्त पांच लाख से अधिक लोग एमआईसी के रिसाव से प्रभावित हुए। उनको स्मरण कर आत्मशांति की प्रार्थना हेतु दोपहर 1:30 बजे महाविद्यालय प्रांगण में 2 मिनट का मौन धारण कर उनको श्रद्धांजलि देने हेतु सभी स्टाफ उपस्थित रहे।
भूतपूर्व सैनिकों की राज्य स्तरीय रैली 15 दिसंबर को
भिण्ड। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी भिण्ड ने बताया कि मप्र के शहीदों के आश्रितों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों हेतु जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भिण्ड द्वारा 15 दिसंबर सोमवार सुबह 10 बजे कम्युनिटी हॉल जिला सैनिक कार्यालय के पास (बाई पास रोड) भिण्ड में रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता की जानकारी के अलावा विशेषज्ञों द्वारा मुफ्त चिकित्सा सुविधा, कैंटीन सुविधा तथा रिकार्ड ऑफिस/ सीडीए पेंशन प्रयागराज के माध्यम से पेंशन संबंधी जानकारी दी जाएगी तथा समस्याओं का निराकरण किया जाएगा, साथ ही शासन द्वारा देय सभी सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। मप्र राज्य के समस्त पूर्व सैनिकों को सूचित किया जाता है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने पहचान पत्र, डिस्चार्ज बुक, बैंक पास बुक एवं पीपीओ सहित रैली में उपस्थित होकर लाभ प्राप्त करें।


