– कार्यकर्ता मतदाता पुनरीक्षण सूची कार्य समय सीमा में पूर्ण कराएं
भिण्ड, 03 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि मतदाता सूची, एसआईआर का पुनरीक्षण हम सबके लिए अति महत्वपूर्ण है, सभी कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग का सहयोग करें और जो कांग्रेस या अन्य विरोधी दल जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं ऐसे लोगों को हमें जवाब देना चाहिए, ताकि वे जनता के बीच विराम फैलाने का कार्य न करें। जिस पर पार्टी के कार्यकर्ता और अभियान में लगे सभी विधानसभा संयोजक अपनी निगरानी रखें।
पार्टी जिलाध्यक्ष नरवरिया ने कहा कि एसआईआर अभियान मतदाता सूची को स्वच्छ, शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाने का माध्यम है, लेकिन कुछ लोग एसआईआर को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह अभियान किसी का नाम हटाने के लिए नहीं है। इसका मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में केवल वही नाम रहें जो वास्तव में पात्र हैं तथा कोई भी वास्तविक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। भाजपा कार्यकर्ता इस संबंध में बूथ स्तर पर पहुंचकर जन-जन को जागरूक करें और असत्य प्रचार करने वालों को तथ्यात्मक जानकारी के साथ जवाब दें। यह अभियान एक राष्ट्र एक चुनाव की दिशा की ओर मुख्य भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुट़ जाएं। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रत्येक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे एसआईआर की इस प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और संकल्प के साथ सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से मतदाता सूची का शुद्धिकरण अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा और इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करना है।
पार्टी जिला अध्यक्ष नरवरिया ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और मतदाताओं की पूरी मदद करें। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र के बूथ स्तर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करे कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सही तरीके से जुड़ें। 18 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा विवाह के बाद परिवार में शामिल नए सदस्यों के नाम सूची में जुड़ जाएं। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी वास्तविक व पात्र मतदाता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। बाहरी मतदाताओं को लेकर सतर्क रहें और यदि ऐसे मतदाता पाए जाते हैं, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, तो इस पर आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि यह मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभियान है, इसलिए मतदाताओं में किसी भी प्रकार की आशंका या भ्रम न फैलने पाए, इसका भी कार्यकर्ता ध्यान रखें।


