– जांच के दौरान सामने आई थीं अनियमितताएं
ग्वालियर, 01 दिसम्बर। जिले के किसानों को मानक एवं गुणवत्तायुक्त बीज, रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न खाद व बीज की दुकानों का लगातार निरीक्षण कर नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है। इस कड़ी में विकास खण्ड घाटीगांव के अंतर्गत मोहना स्थित कम्बोज कृषि सेवा केन्द्र के निरीक्षण में पाई गईं अनियमितताओं के आधार पर इस फर्म का कीटनाशक विक्रय लाईसेंस निलंबित कर दिया गया है।
कीटनाशक अधिनियम एवं नियमों के तहत उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास द्वारा यह कार्रवाई की गई है। उप संचालक कृषि रणवीर सिंह जाटव ने बताया कि कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गत नवंबर माह में इस फर्म का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान अनियमितताएं सामने आई थीं। संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।


