– श्रीमद् भगवदगीता के 15वें अध्याय का किया जाएगा सामूहिक सस्वर पाठ
भिण्ड, 30 नवम्बर। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप इस वर्ष गीता जयंती के अवसर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन एक दिसंबर को किया जाएगा। जिला स्तर पर निराला रंग विहार में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीईओ जिला पंचायत भिण्ड एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सुनील दुबे ने बताया कि गीता जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में 1100 गीता पाठियों (विद्यार्थियों) द्वारा श्रीमद् भगवद गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ किया जाएगा।
विश्व गीता प्रतिष्ठानम भी करेगा आयोजन
विश्व गीता प्रतिष्ठानम एवं मप्र शासन के संयुक्त तत्वावधान में आगामी एक दिसंबर को गीता जयंती महोत्सव भव्य एवं दिव्य तरीके से मनाया जाएगा। जिला संयोजक विष्णु कुमार शर्मा ने बताया कि विश्व गीत प्रतिष्ठानम की योजना अनुसार मप्र शासन ने सभी तहसील, विकास खण्ड, जिला एवं संभाग स्तर पर गीता जयंती महोत्सव के भव्य आयोजन का संकल्प लिया है, जिसमें जिला स्तर पर 1100 एवं विकास खण्ड स्तर पर 500, संभागीय स्तर पर 5100 तथा उज्जैन एवं भोपाल में 11 हजार लोगों द्वारा गीता के 15वें अध्याय का कंठस्थ पाठ किया जाना सुनिश्चित है। स्थानीय प्रशासन, संस्थाओं और जनमानस से अपील है कि कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें, जितना भव्य कार्यक्रम होगा उतनी ही जिले की छवि प्रदेश में अच्छी बनेगी। सभी विकास खण्डो में सक्षम अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ ने पत्र जारी कर दिया है।

