– खाद संकट में मृतका भूरिया बाई के परिवार से मिलने पहुंचे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
– आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और दिया मृत्यु प्रमाण पत्र
गुना, 29 नवम्बर। खाद संकट के चलते भूरिया बाई की मृत्यु के बाद केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को अपना प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर सीधे मृतका के परिजनों से मिले। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया, गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि आज मैंने अपने परिवार का एक सदस्य खो दिया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री रिलीफ फंड से 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और परिजन को मृत्यु प्रमाण पत्र दिलवाया।
सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को आगे कोई प्रशासनिक परेशानी न हो और सभी सहायता समय पर मिले। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में किसी किसान को ऐसी असुविधा न झेलनी पड़े, इसके लिए खाद वितरण व्यवस्था को बिल्कुल दुरुस्त किया जा रहा है और वे स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे अन्नदाताओं की सुरक्षा और सम्मान मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


