– दलबल के साथ पहुंचे एसपी
भिण्ड, 27 नवम्बर। शहर के ग्वालियर रोड स्थित व्हाइट हाउस मैरिज गार्डन में प्रतिबंध के बाद भी हर्ष फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही एसपी असित यादव रात में ही दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही हथियार बंद युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोच लिया। सभी के खिलाफ देहात थाने में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऊमरी के किशोर सिंह के पुरा निवासी धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात करीब 11 बजे उनके बेटे राजवर्धन सिंह का लगुन फलदान कार्यक्रम ग्वालियर रोड स्थित व्हाइट हाउस गार्डन में चल रहा था। इसी दौरान गजेन्द्र भदौरिया निवासी राधा कॉलोनी, बिट्टू राजावत निवासी धर्मनगर और मोहित भदौरिया निवासी बस स्टैंड कार्यक्रम में पहुंचे। गजेन्द्र अपने साथ 315 बोर की बंदूक लेकर आया था। कुछ देर बाद कृष्णा राजावत निवासी बबेड़ी हाल सीतानगर और चन्द्रपाल निवासी लहरौली ऊमरी भी गार्डन पहुंचे। चन्द्रपाल के पास भी 315 बोर की बंदूक थी। आरोप है कि सभी युवकों ने बारी-बारी से दोनों बंदूकों से हर्ष फायर किए, जिससे समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी असित यादव तुरंत दलबल के साथ मैरिज गार्डन पहुंचे। उनके साथ शहर कोतवाली टीआई बृजेन्द्र सिंह सेंगर, देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य सहित पुलिस बल मौजूद था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पांचों युवकों को मौके से पकड़ लिया। देहात थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हर्ष फायरिंग, आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


