– लगभग 200 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास एवं लोकार्पण
गुना, 26 नवम्बर। केन्द्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 26 से 30 नवंबर तक गुना संसदीय क्षेत्र के चार दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे लगभग 200 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और जनता को महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त होंगी।
अपने प्रवास के दूसरे दिन 27 नवंबर को सिंधिया गुना में जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल होंगे और इसके बाद मुदरा हनुमान (विस बमोरी), सिंघवासा, गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (भूमिपूजन), पटवई हाईस्कूल तथा करोद सबस्टेशन सहित कई स्थलों पर विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। वे इसी दिन शिवपुरी में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे और धीरेन्द्र शास्त्री की कथा में भी में शामिल होंगे। 28 नवंबर को खोनकर में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वे गुना में सांसद खेल महोत्सव का उदघाटन करेंगे तथा दिव्यांगजनों को ट्राइ साइकिल वितरित करेंगे। इसके बाद सिंधिया चंदेरी पहुंचकर चंदेरी महोत्सव का उदघाटन करेंगे। 29 नवंबर को केन्द्रीय मंत्री सिंधिया गुना में व्यवसायी वर्ग के साथ बैठक करेंगे, पत्रकार भवन का उदघाटन करेंगे तथा कई स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के उपरांत वे इंदौर के लिए रवाना होंगे।


