– ऑपरेशन मुस्कान के तहत भिण्ड पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम
भिण्ड, 22 नवम्बर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित मुस्कान अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शा. उमावि क्र.एक भिण्ड में पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका संचालन पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के निर्देशन एवं एएसपी संजीव कुमार पाठक के नेतृत्व में किया गया।
एएसपी संजीव पाठक ने बच्चों को सायबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ब्लैकमेलिंग, सायबर बुलिंग, ओटीपी व पासवर्ड सुरक्षा, अंजान लिंक के जोखिम एवं एपीके फाइल डाउनलोड जैसे खतरों के बारे में सरल तथा स्पष्ट जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया का गलत उपयोग बच्चों के भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है, इसलिए इंटरनेट का उपयोग हमेशा सावधानी के साथ करना आवश्यक है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में भी जागरूक किया और उनसे संवाद स्थापित करते हुए उनके प्रश्नों का समाधान किया। कार्यक्रम के दौरान सही जवाब देने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।


