– ऑपरेशन मुस्कान के तहत भिण्ड पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 20 नवम्बर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव केन्द्रीय विद्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्कूली बच्चों को गुड टच और बैड टच के विषय में सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में एसपी डॉ. यादव ने बच्चों को समझाया कि किसी भी प्रकार की असहज या अवांछित स्पर्श की स्थिति में बच्चे तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने निडर होकर बोलो का संदेश देते हुए बताया कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित वातावरण में पढ़े और बढ़े, यह पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। भिण्ड पुलिस की टीम ने भी बच्चों से संवाद कर उन्हें आत्म-सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, बच्चों ने इस दौरान खुलकर सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों ने उनकी शंकाओं का समाधान किया। एसपी डॉ. यादव ने विद्यालय प्रबंधन को ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की सलाह दी, ताकि बच्चों में सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास विकसित हो सके।


