– माय भारत स्वयंसेवकों ने किया जागरूकता गतिविधि
भिण्ड, 20 नवम्बर। सरदार 150 एकता मार्च पदयात्रा के व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत माय भारत के स्वयंसेवकों द्वारा शहर में पोस्टर प्रचार एवं पम्पलेट वितरण कार्यक्रम किया गया। अभियान का आरंभ शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक भिण्ड से हुआ, जहां संस्थान के शिक्षक डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने विद्यार्थियों को पदयात्रा की विस्तृत जानकारी देते हुए 24 नवंबर को भिण्ड एवं गोरमी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद माय भारत स्वयंसेवकों ने शा. एमजेएस कॉलेज पहुंचकर प्राध्यापक डॉ. रवीकांत सिंह, डॉ. आभाष अवस्थाना, डॉ. हेमंत दुबे, प्रो. अभिषेक यादव, प्रो. राजीव जैन एवं प्रो. मोहित दुबे से मुलाकात की और विद्यार्थियों को पदयात्रा में अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। जनसंपर्क अभियान के क्रम में स्वयंसेवकों ने इन्दिरा गांधी चौराहा, सिटी कोतवाली, धनवंतरि कॉम्प्लेक्स, जैन कॉलेज तथा भीमनगर घोड़ा चौराहा सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर चिपकाए एवं राहगीरों तथा क्षेत्र वासियों को पम्पलेट वितरित कर पदयात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।


