– सप्त शक्ति संगम-मातृ गोष्ठी आयोजित
उपरांय/दतिया, 20 नवम्बर। ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला दतिया द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालय उपरांय में मातृशक्ति संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला महिला समन्वयक एवं सप्त शक्ति संगम सह संयोजिका मानसी मूड़ोतिया ने कहा कि परिवार के प्रबंधन और बच्चों के विकास में मां की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सप्त शक्ति संगम मातृशक्ति संगोष्ठी के कार्यक्रम पूरे देश के साथ मध्य भारत प्रांत के सभी जिलों में आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य है महिलाओं में वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराना, उनमें जागरूकता पैदा करना। माता जीजाबाई, रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई, सीता, सावित्री, दुर्गा मां आदि का उदाहरण देकर विस्तार से जानकारी दी।

संघ के पंच परिवर्तन के तहत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य के बारे में जानकारी जिला सह संयोजिका रामकुमारी दीक्षित ने दी। रामायण महाभारत और सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, सही उत्तर देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथि परिचय एवं स्वागत राधा पाठक, हर्षिता शर्मा ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन गुनगुन गुप्ता ने किया। प्रस्तावना पूनम अहिरवार ने रखी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


