– ग्राम मोतीपुरा में पंचायती नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
भिण्ड, 21 जून। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम मोतीपुरा में भव्य ‘पंचायती नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट’ का आयोजन किया जा रहा है। 13 जून से शुरू हुआ यह रोमांचक टूर्नामेंट 25 जून तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के दौरान क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साहवर्धन किया। मैदान पर पहुंचते ही खेल प्रेमियों और आयोजन समिति ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक कुशवाह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया और मैच का आनंद लिया।
इस अवसर पर विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाले ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह युवाओं को आपस में जोड़ता भी है। विधायक ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और टूर्नामेंट में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की सीख देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिससे मैच का रोमांच और बढ़ गया।


