-जनगणना 2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
ग्वालियर, 03 अप्रैल। भारत सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना 2027 के अंतर्गत ग्वालियर जिले के फील्ड ट्रेनरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के आखिरी दिन शुक्रवार को प्रशिक्षुओं द्वारा फील्ड विजिट कर यानि घरों में पहुंचकर व्यवहारिक रूप से जनगणना की बारीकियां समझीं। फील्ड ट्रेनर्स ने प्रगणक व सुपर वाइजर के रूप में मकान सूचीकरण संबंधी डाटा संग्रहण का कार्य कर प्रतीक स्वरूप मकानों की गणना की। इन फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जिले में जनगणना के लिए नियुक्त किए गए लगभग 5 हजार प्रगणक व सुपर वाइजर को प्रशिक्षित किया जाएगा।
बाल भवन में आयोजित हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण के आखिरी दिन प्रशिक्षण ले रहे सभी 82 प्रशिक्षणर्थियों को तीन समूहों में विभाजित कर व्यवहारिक रूप से जनगणना सिखाने के लिए फील्ड विजिट कराई गई। इनमें से एक समूह को ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरई में जनगणना के लिए ले जाया गया। दो अन्य समूहों द्वारा नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत कर्मचारी आवास विकास कालोनी महलगांव जाकर जनगणना कार्य किया गया। इस दौरान खातौर पर वास्तविक परिस्थितियों में एक मई से होने जा रही जनगणना (मकान गणना) की बारीकियों एवं आने वाली कठिनाइयां व उनके निदान को बारीकी से समझ गया।
प्रथम चरण में होगी मकानों की गणना, 34 बिंदुओं की जानकारी होगी संकलित
मुख्य प्रशिक्षक एसबी ओझा ने बताया कि भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का काम एक से 31 मई तक किया जाएगा। जिसमें 34 बिंदुओं में जानकारी संकलित होगी। इसमें भवन व मकान नंबर सहित मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, मकान किराए का है अथवा स्वयं का, कमरों की संख्या, परिवार के विवाहित दंपत्तियों की संख्या, पेयजल के मुख्य स्त्रोत, पेयजल स्त्रोतों की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्त्रोत, शौचालय की सुगमता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, परिसर के अंदर स्नान की सुविधा, रसोई घर व एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो/ ट्रांजिस्टर व टेलीविजन की उपलब्धता, इंटरनेट सुविधा, लेपटॉप/ कंप्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन, मोबाइल फोन व स्मार्ट फोन इत्यादि की उपलब्धता, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, मोपेड, कार, जीप व वैन, परिवार द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले अनाज, मसलन चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का व अन्य खाद्यान्न एवं मोबाइल फोन इत्यादि जानकारी शामिल है।


