– जिला कांग्रेस कमेटी करेगी जन की बात कार्यक्रम
भिण्ड, 02 अप्रैल। ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस सुनेगी जन की बात कार्यक्रम के तहत भारौली तिराहे के पास जिला कार्यालय पर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने आम जनता से जनसमस्याओं की लिखित रूप से शिकायत प्राप्त कर समस्याओं के निदान कराने का आश्वासन दिया।
बघेल ने कहा कि तीन इंजन वाली भाजपा सरकार में भिण्ड जिले की जनता मूलभूत सुविधाओं से पूरी तरह से वंचित है, यहां ज्यादातर विभागों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्य ठप पड़े हैं, सड़क मार्ग, सीवर लाइने, प्रशासन की लापरवाही के चलते कई किसानों के खेतों पर विवाद के प्रकरण लंबित है, यहां तक कि बिना बिजली कनेक्शन के हजारों-लाखों रुपए के बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमजन द्वारा मिली शिकायतों को संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पार्टी की ओर से भेजा जाएगा और आमजन की समस्या का निदान नहीं होता, तो पार्टी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजनता के हर सुख-दुख में साथ खड़ी है। इस अवसर पर संगठन महासचिव महेश जाटव, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, बाबूलाल जामौर, देवेन्द्र सिंह राजावत, अरविंद यादव हैवतपुरा, जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अजय बौहरे, बेरोजगार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विवेक जामौर, पूर्व पार्षद रामजीलाल रामा वाल्मीक, संदीप बघेल, अभिषेक मौर्य, राकेश शर्मा, अरविन्द तिवारी आदि उपस्थित रहे।


