– पूर्व सैनिकों ने आईजी चंबल को सौंपा ज्ञापन
– कार्रवाई नहीं होने पर 15 अप्रैल को डीजीपी कार्यालय भोपाल का होगा घेराव
भिण्ड, 01 अप्रैल। जिले के अटेर थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में पिछले साल 15 अप्रैल 2025 हुई डकैती में पूर्व सैनिक हरिदास दैपुरिया की पत्नी की जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई, भिण्ड पुलिस एक साल बाद भी खाली हाथ है या सबूतों को खत्म करने के लिए जानबूझकर ठण्डे बस्ते में डाल दिया गया। पूर्व सैनिक संगठनों के शीर्ष नेतृत्व ने बुधवार ग्वालियर कंपू स्थिति आईजी कार्यालय पर आईजी की अनुपस्थित में उपपुलिस अधीक्षक अरविंद गोस्वामी को आईजी चंबल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामअवतार सिंह परमार ने बताया कि इससे ज्यादा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि हत्या, डकैती के प्रकरणों को पुलिस नजर अंदाज कर रही है। भिण्ड जिले में सैनिकों पर अत्याचार बढ़े हैं। पूर्व सैनिक संघ जिलाध्यक्ष भिण्ड राकेश सिंह कुशवाह को थाना प्रभारी द्वारा पीटा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आज सभी वरिष्ठ जन आए हैं और सख्त चेतावनी दे रहे हैं कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो भोपाल डीजीपी कार्यालय का 15 अप्रैल को घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर पीड़ित वयोवृद्ध हरिदास दैपुरिया के अलावा भाजपा के वरिष्ठ पार्षद और पूर्व सैनिक बलबीर सिंह तोमर, जाबांज सैनिक संगठन ग्वालियर के अध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन उपनगर ग्वालियर के अध्यक्ष अरुण शर्मा, सूबेदार सतेन्द्र सिंह भदौरिया, अनूप शर्मा, ओंकार सिंह भदौरिया, जितेन्द्र सिंह तोमर, रविन्द्र सिंह तोमर, रामलखन राठौर, जंगबहादुर सिंह भदौरिया, वेदप्रकाश तोमर, वीरेन्द्र सिंह भदौरिया, प्रदीप सिंह राजावत, फेरन सिंह राजावत, राजेश सिंह राजावत, बलराम सिंह भदौरिया, सुरेन्द्र सागर शर्मा, राधाचरण शर्मा मौ, राधावल्लभ शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


