– अधिकारियों को दिए नियमित और प्रभावी स्वच्छता के निर्देश
भिण्ड, 31 मार्च। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मंगलवार की सुबह शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों का औचक निरीक्षण किया। सुबह-सुबह विधायक को सड़कों पर देख नगर पालिका अमले में हड़कंप मच गया।
विधायक कुशवाह ने निरीक्षण के दौरान दैनिक साफ-सफाई की जमीनी हकीकत देखी और सफाई को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के संकल्प में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि शहर के प्रत्येक वार्ड और तंग गलियों में नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए। कचरा संग्रहण (डोर-टू-डोर) वाहनों का समय निर्धारित हो ताकि सड़कों पर कचरा न दिखे। नालियों की जाम व्यवस्था को दुरुस्त कर कीटनाशकों का छिड़काव प्रभावी ढंग से किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजीव जैन भी विधायक के साथ रहे। विधायक ने दोनों अधिकारियों से कहा कि वे सफाई मित्रों की उपस्थिति और कचरे के उचित निपटान की प्रक्रिया की स्वयं मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और नागरिकों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है।
इनका कहना है:
”भिण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारी केवल कागजों पर नहीं, बल्कि फील्ड पर उतरकर काम करें और सुनिश्चित करें कि आमजन को गंदगी से निजात मिले।”
नरेन्द्र सिंह कुशवाह, विधायक भिण्ड


