– भाजपा स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर पार्टी जिला स्तरीय बैठक संपन्न
भिण्ड, 31 मार्च। भाजपा के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को होने वाले जिला एवं मण्डल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर शहर में वीरांगना अवंतीबाई मांगलिक भवन में जिला संगठन प्रभारी हमीर सिंह पटेल, पार्टी जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया की मौजूदगी में बैठक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। पार्टी के स्थापना दिवस पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए इन कार्यक्रम को पूर्ण रूप से सर्वस्पर्शी बनाने हेतु जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस को हर समाज तक पहुंचने का प्रयास करते हुए संगठन की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करें। यह कार्यक्रम जिले के 29 मण्डलों के 1480 से अधिक बूथ केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखते हुए बताया कि जिला एवं मण्डल कार्यालय पर विद्युत सजावट की जाएगी, 6 अप्रैल को सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर ध्वजारोहण कर फेसबुक पर अपलोड करेंगे। 8 और 9 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 7 से 12 अप्रैल तक गांव बस्ती चलो अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा, उपेन्द्र राजौरिया, उपेन्द्र शर्मा, शिवराज सिंह यादव, धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, जिला महामंत्री शैलेन्द्र पालीवाल, जिला मंत्री सुरेन्द्र सिंह सिकरवार, पवन जैन, राहुल यादव, सुभाष राठौर एडवोकेट, जनपद अध्यक्ष सरोज रामकृष्ण बघेल, जिला सोशल मीडिया प्रभारी गीता राजावत एवं अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
चार सदस्यीय जिला स्तरीय टोली का गठन
जिलाध्यक्ष नरवरिया ने बताया कि स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर चार सदस्य टोली का गठन किया गया है। जिसमें संयोजक- जिला महामंत्री बजरंग सिंह भदौरिया, सह संयोजक- जिला उपाध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा एवं पिंकी शर्मा, जिला मंत्री सुभाष राठौर एडवोकेट को नियुक्त किया गया है।


