-जिला स्तरीय कार्यक्रम सांदीपनि उ.मावि क्र.2 में
भिण्ड, 31 मार्च। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ जिले में एक से 4 अप्रैल तक स्कूल चलें हम अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत एक अप्रैल को सभी विद्यालयों एवं जिला स्तर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम सांदीपनि शा. उमावि क्र.2 भिण्ड में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल का वितरण किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान भी किया जाएगा तथा शाला से बाहर रहे चिन्हित बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। दो अप्रैल को पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन कर उनका विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाया जाएगा। इस दौरान शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी एवं कक्षोन्नती प्राप्त न करने वाले विद्यार्थियों के पुन: प्रवेश के प्रयास किए जाएंगे। 4 अप्रैल को भविष्य से भेंट कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध एवं प्रेरक व्यक्तियों द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जाएगा। अभियान के दौरान बालसभा, विशेष भोज, शाला प्रबंधन समिति की बैठक एवं शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

