– पूर्व सैनिक संघ अध्यक्ष से मारपीट करने वाले थाना प्रभारी पर नहीं हुई कार्रवाई
– आईजी चंबल जोन से मिलेंगे वरिष्ठ सैनिक संगठन पदाधिकारी
भिण्ड, 29 मार्च। भूतपूर्व सैनिकों के साथ भिण्ड जिले में अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही है, पूर्व सैनिक संघ जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाह के साथ मारपीट करने वाले मिहोना थाना प्रभारी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, ना ही किसी तरह का मारपीट का प्रकरण दर्ज हुआ। दूसरी तरफ कल्याण पुरा अटेर विधानसभा अंतर्गत 11 महीने पूर्व 15 अप्रैल 2025 को वयोवृद्ध पूर्व सैनिक हरिदास दैपुरिया की पत्नी सुशीला देवी की चोरों ने हत्या कर दी, घर का सभी जेवरात लूटकर ले गए, इस संबंध में कई बार थाना प्रभारी से लेकर भिण्ड पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन के जिला संयोजक सुनील फौजी ने बताया कि ग्वालियर में सैनिक संगठनों के शीर्ष नेतृत्व सूबेदार मेजर रामअवतार सिंह परमार, कैप्टन राधेश्याम दण्डोतिया, सूबेदार मेजर अर्जुन यादव, कैप्टन जेएस भदौरिया चैनल हेड सैनिक जीवन, समाजसेवी प्रमोद राजावत हेल्प गुरु, सूबेदार उत्तम सिंह मावई, सूबेदार धर्मराज सिंह तोमर, चौधरी दीपक सिंह गुर्जर, संजय सिंह भदौरिया, सूबेदार जितेन्द्र सिंह तोमर, मोनू भदौरिया बिजोरा, सूबेदार मेजर सुरेश सिंह तोमर, अरुण शर्मा जारी कोतवाल, कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया, कृष्ण सिंह जादौन, राजेश सिंह राजावत आदि के नेतृत्व में आईजी चंबल जोन से मिलकर अपनी पीड़ा बताएंगे। सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों पर यातनाएं अब असहनीय होती जा रही हैं।


