– शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
भिण्ड, 28 मार्च। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता सुधार एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने छात्रों की अपार आईडी के स्टेटस की बारीकी से जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत छात्रों की अपार आईडी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक शत-प्रतिशत प्रवेश होना चाहिए। संकुल प्राचार्य सुनिश्चित करें कि स्कूलों में बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए तथा शौचालय साफ-सुथरे होने चाहिए। साथ ही बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति का प्रयास करें। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि स्कूलों में उत्कृष्ट शिक्षा एवं बेहतर वातावरण बनाने के लिए अधिकारियों को स्वयं रुचि लेनी होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की मासिक रैंकिंग शुरू की जाएगी, जिसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन वाले विद्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मेहनत करने वाले प्रोत्साहित होंगे।


