– विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने वीडियो कॉल पर अवनी से किया संवाद
भिण्ड, 27 मार्च। नव दिवसीय नव संकल्प अभियान के तहत एक दिन की जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यक्रम के नौवें दिवस पर अवनी जैन पुत्री सपना अतुल जैन निवासी भूता बाजार भिण्ड को एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
जिला पंचायत कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर अमृतलाल परस्ते, डीपीएम हर्षित शर्मा एवं मोहित शर्मा सहित जिला पंचायत भिण्ड के अधिकारियों ने अवनी जैन को ग्रामीण विकास, ग्राम सभा की कार्यप्रणाली तथा पंचायत राज व्यवस्था की संरचना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिला स्व-सहायता समूह एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न आयामों पर भी विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉल के माध्यम से अवनी जैन से संवाद किया। उन्होंने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए अवनी जैन का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात अवनी जैन ने जिले के कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा से भेंट की, महिला सशक्तिकरण, नवीन शिक्षा सत्र के प्रारंभ के साथ प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने, ड्रॉपआउट रेट को कम करने, स्वच्छता अभियान को मजबूत करने तथा अभिभावकों को इन विषयों के प्रति जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने अवनी जैन का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अवनी जैन ने जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया द्वारा शुरू की गई इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल बालिकाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता एवं नवाचार को भी नई दिशा दे रहा है। नवसंकल्प अभियान के माध्यम से भिण्ड जिले में बालिकाओं को नेतृत्व की मुख्य धारा से जोड़ने का यह प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दे रहा है तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।


