– शुभारंभ भी नहीं हुआ, दुकानदारों और बाइक स्टेण्ड पर वसूली शुरू
भिण्ड, 27 मार्च। शहर के स्व. हरिकिशन दास जाधव भूत व्यापारिक मेले को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। विधिवत शुभारंभ की तिथि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी अभी नहीं बनी है। उधर सीएमओ ने राजनीति के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन हेतु समितियां भी गठित कर दी हैं। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि की सहमति नहीं लिए जाने से वे खपा हैं। उन्होंने सीएमओ को पत्र लिखकर बनाई गई समितियों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए उनको स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।
भिण्ड व्यापार मेला सजधज कर तैयार है और सैलानियों का आवागमन आरंभ हो गया है। साथ ही नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा दुकानदारों से रसीद काटकर वसूली की जा रही है। साथ ही मेले में आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क भी लिया जा रहा है, जबकि मेले का विधिवत शुभारंभ अभी तक नहीं हुआ है। इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है और न ही मेले के शुभारंभ की तारीख तय हो पाई है। इसके बावजूद मेले में दुकानदारों और पार्किंग स्टैण्ड पर वसूली अभियान शुरू होने से विवाद गहराता जा रहा है।
समिति गठन को लेकर चल रहे विवाद के कारण नगर पालिका में बैठक नहीं हो पा रही है। अभी तक कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी नहीं हो सका है। कौन कलाकार कब प्रस्तुति देगा, मुख्य अतिथि कौन होगा और समापन कार्यक्रम कैसे आयोजित होगा, इन सभी बिंदुओं पर निर्णय लंबित है। लगातार खींचतान के चलते मेले की साख पर भी असर पड़ रहा है। इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा ने बताया कि जल्द ही बैठक बुलाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार किया जाएगा। साथ ही मेले के शुभारंभ की तारीख और अतिथियों को लेकर भी एक-दो दिन में निर्णय लिया जाएगा।
अव्यवस्थाओं का मेला
मेले में अव्यवस्थाओं का खामियाजा व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है। पीने के शुद्ध पानी, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। मेला परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, जबकि शौचालय और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था भी अब तक नहीं हो सकी है।


