– विधायक ने किया गौरी सरोवर का निरीक्षण, जलकुंभी हटाने के दिए निर्देश
भिण्ड, 26 मार्च। क्षेत्रीय विकास और स्वच्छता को अपनी प्राथमिकता बताते हुए भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने गुरुवार को शहर के गौरी सरोवर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सरोवर में फैली जलकुंभी और किनारों पर व्याप्त गंदगी को देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को अविलंब सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
विधायक कुशवाह ने सरोवर के चारों ओर घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरोवर से जलकुंभी हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौरी सरोवर हमारे शहर की पहचान और धरोहर है, इसकी सुंदरता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने न केवल सरोवर की सफाई, बल्कि वहां आने वाले नागरिकों के लिए जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा की। उन्होंने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र की स्वच्छता, सुंदरता और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देना हमारी निरंतर प्रतिबद्धता है। एक स्वच्छ शहर ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है।
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
विधायक नरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों निर्देशित किया कि सरोवर के जल को स्वच्छ रखने के लिए मशीनों और श्रमिकों के माध्यम से तत्काल सफाई की जाए। सफाई व्यवस्था की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करें ताकि दोबारा गंदगी न पनपे। सरोवर के किनारों पर प्रकाश और बैठने की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना। इस दौरान नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी राजीव जैन और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।


