– डाकघर परिसर खाली कराया, पुलिस के साथ बम और डॉग स्क्वाड टीम पहुंची
भिण्ड, 25 मार्च। शहर के मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट शाखा में बुधवार सुबह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह डाकघर खुलने के बाद पासपोर्ट प्रभारी कार्यालय पहुंचे और नियमित रूप से मेल चेक किया। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-मेल सामने आया, जिसमें डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में दावा किया गया था कि परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं। इसके बाद पासपोर्ट प्रभारी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद पूरे डाकघर को खाली करवा लिया गया। मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी संजीव पाठक भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया गया। पुलिस ने आस-पास के क्षेत्र को सील कर दिया और मुख्य मार्ग पर यातायात रोक दिया। पुलिस के साथ बम स्क्वाड व डॉग स्क्वाड ने पूरे परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।


