मिहोना टीआई केन के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग
भिण्ड, 24 मार्च। जिले के मिहोना थाना प्रभारी और पूर्व सैनिक के बीच हुए विवाद के मामले में एक सप्ताह बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से नाराज पूर्व सैनिकों ने मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिक संगठन ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर टीआई विजय केन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिण्ड एसपी डॉ. असित यादव ने टीआई को लाइन अटैच कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। यहां बता दें कि पिछले दिनों मिहोना थाना प्रभारी विजय केन का पूर्व सैनिक संगठन के जिला अध्यक्ष और रिटायर्ड सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाह से विवाद हो गया था। आरोप है कि टीआई ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद पूर्व सैनिकों में आक्रोश फैल गया। घटना के दूसरे दिन ही पूर्व सैनिकों ने थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।
घटना के तीसरे दिन सेना मुख्यालय की ओर से डिप्टी कर्नल विशाल क्षेत्रीय जांच के लिए पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने भी एसपी से मुलाकात कर टीआई पर एफआईआर और सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई थी। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को पूर्व सैनिक संगठन का गुस्सा फूटा और संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपते हुए 5 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। पूर्व सैनिक संगठन के जिला अध्यक्ष राकेश सिंह कुशवाह ने स्पष्ट कहा कि यदि पुलिस द्वारा आरोपी टीआई का बचाव किया गया, तो पूरे संभाग में आंदोलन तेज किया जाएगा। इधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


