– सांसद ने लोकसभा में अवैध रेत खनन का मामला उठाया
भिण्ड, 23 मार्च। भिण्ड-दतिया सांसद संध्या राय ने सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा में सिंध नदी में हो रहे अवैध उत्खनन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र के भिण्ड और दतिया जिले सिंध नदी से जुड़े हैं और नदी के किनारे का बड़ा हिस्सा वन विभाग के अंतर्गत आता है। उन्होंने बताया कि सरकार वन और नदियों के संरक्षण के लिए प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ आपराधिक तत्व वन क्षेत्र के जरिए अवैध रेत खनन कर रहे हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने सरकार से इस पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार वन और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने माना कि संबंधित क्षेत्र में नदी किनारे जंगलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि यह गंभीर विषय है और ऐसे मामलों को रोकने के लिए प्रदेश सरकार के पास पर्याप्त कानूनी प्रावधान मौजूद हैं, जिनके जरिए रेत और वन माफियाओं पर कार्रवाई की जा सकती है।


