– शहीद दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 23 मार्च। डॉ. श्याम बिहारी शर्मा सेवा परिषद ट्रस्ट द्वारा शहीद दिवस के पावन अवसर पर एक निजी कोचिंग संस्थान में प्रेरणादायी एवं भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य बच्चों को अपने देश के महान क्रांतिकारियों के बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत का संचार करना था। कार्यक्रम में प्रदुमन सिंह भदौरिया एवं जयप्रकाश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदुमन भदौरिया ने कहा कि आज का दिन हमें उन अमर वीरों की याद दिलाता है, जिन्होंने अपनी मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव युवा क्रांतिकारी थे, जिन्होंने बहुत कम उम्र में देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। 23 मार्च 1931 को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी पर लटका दिया, लेकिन वे अपने विचारों और आदर्शों में अडिग रहे। आज जब हम उनके बलिदानों से ही स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, शहीद दिवस हमें यह भी सिखाता है कि हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। हमें अपने विचारों को सशक्त और सकारात्मक बनाना चाहिए। यदि हमारे विचार मजबूत होंगे, तो हम किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।
जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि महान क्रांतिकारियों ने अपने जीवन का हर क्षण देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित किया। उनका साहस, त्याग और देशप्रेम आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। शहीदों को स्मरण करने से हमारे मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में राघव चौहान, माधव चौहान, सार्थक जैन, अविनाश नरवरिया, सृष्टि शर्मा, सतेन्द्र, अहम सिंह, विष्णु भदौरिया ने भी विचार रखें। जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ट्रस्ट द्वारा बच्चों को सम्मानित किया गया। अंत में ध्रुव शर्मा ने आभार व्यक्त किया।


