– आरोपियों पर एसपी ने घोषित किया था 10-10 हजार का इनाम
भिण्ड, 22 मार्च। जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक माह पूर्व बोरी में बंद मिली महिला की लाश की गुत्थी को भिण्ड पुलिस ने सुलझा लिया है। डीआईजी/एसपी डॉ. असित यादव ने रविवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष भिण्ड में इस हत्याकाण्ड का पर्दाफाश करते हुए बताया कि किस तरह आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
डीआईजी/एसपी डॉ. असित यादव ने बताया कि गत 16 फरवरी को ग्राम बड़पुरी निवासी एक महिला बाजार जाने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 18 फरवरी को सुरपुरा थाना क्षेत्र के सोई के हार में एक अज्ञात महिला का शव प्लास्टिक की बोरी में बरामद हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
कातिलों तक कैसे पहुंची पुलिस
एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी संजीव पाठक और एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। साइबर सेल की मदद और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस की ओर से प्रत्येक आरोपी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर ग्राम रायपुरिया के हार से दो संदिग्ध और डिड़ोना वाली जग्गा थाना गोरमी से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन, कपड़े और मृतिका के पायल व चप्पल बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो शातिर अपराधी हैं, जिन पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
पार्टी के बीच रची गई थी साजिश
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपने 4 साथियों के साथ खेत पर पार्टी कर रहा था। तभी उसने महिला को अकेले पैदल जाते देखा। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला को अगवा करने का प्लान बनाया। आरोपियों ने महिला को जबरन पकड़कर सरसों के खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर पकड़े जाने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर फेंक दिया गया।
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में अटेर एसडीओपी रविन्द्र वास्कले, थाना प्रभारी अटेर रामनरेश यादव, थाना प्रभारी फूप सतेन्द्र राजपूत, थाना प्रभारी कोतवाली बृजेन्द्र सिंह सेंगर, थाना प्रभारी ऊमरी शिवप्रताप राजावत, थाना प्रभारी बरोही अतुल भदौरिया, थाना प्रभारी नयागांव वैभव तोमर के अलावा उपनिरीक्षक अरविन्द सिकरवार, बृजेन्द्र तोमर, रामशरण शर्मा, सउनि रघुवीर सिंह, सायवर सेल सहायक उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद पराशर, महेश कुमार, सतेन्द्र यादव, त्रिवेन्द्र सिंह, अजय बघेल, अजय कुमार, अमित सेन, आरक्षक आनंद दीक्षित, राहुल यादव, सुदीप तोमर, हृदेश यादव, राहुल शुक्ला, शैलेन्द्र शुक्ला, विकास यादव, शिवदयाल सिंह, मनीष पाराशर, अंकित शर्मा, संतोष जाट, राहुल सिकरवार, शिवकुमार पलिया की सराहनीय भूमिका रही है।


