– पानी बचाओ पानी बढ़ाओ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश
– विश्व जल दिवस पर सुप्रयास द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 22 मार्च। विश्व जल दिवस के अवसर पर सिटी प्राइड हाईस्कूल में सुप्रयास संस्था द्वारा जल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों एवं समाज को जागरूक करना था।
मुख्य अतिथि प्रो. इकबाल अली ने अपने संबोधन में जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल ही जीवन है और इसके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, इसलिए हमें जल के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को जल की एक-एक बूंद का महत्व समझाते हुए जल बचाने के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय परीक्षा का समय है। हमें जल भी बचाना है और अपने आप को नकल से भी बचाना है। यदि हम नकल से नहीं बचे तो ना तो हमारा आज ही बचेगा और ना ही हमारा कल ही सुरक्षित रहेगा। इसके अलावा जेंडर इक्वलिटी पर उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए और अभिभावकों को भी विशेष ध्यान देना चाहिए क्योंकि एक बेटी दो परिवारों को सुरक्षित और संपन्न बनाती है।
सुप्रयास के सचिव डॉ. मनोज जैन ने कहा कि हम धरती के ऐसे भूभाग में रहते हैं कि जहां हमारे पास साथ-साथ नदियों का जल उपलब्ध है। पर हम जल के प्रबंधन में असफल हैं। जिस प्रकार आज पेट्रोल के लिए सारी दुनिया में युद्ध हो रहे हैं आने वाले समय में जल के लिए भी युद्ध होंगे। ऐसे में हम उन युद्धों से तटस्थ नहीं रह पाएंगे। इसलिए हमको जल का महत्व समझ कर जल के संरक्षण में योगदान देना चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य राजपाल सिंह कुशवाह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी से वर्षा जल संचयन एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सरिता कुशवाह, दीपिका सक्सेना एवं लोकेन्द्र सिंह ने भी जल संरक्षण के विषय में अपने विचार रखें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल संरक्षण से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। अंत में सभी लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया और यह संदेश दिया कि जल है तो कल है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


