जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल शक्ति से नवभक्ति कार्यक्रम के तहत संगोष्ठी आयोजित
भिण्ड, 22 मार्च। मप्र जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान एवं ‘जल शक्ति से नव भक्तिÓ कार्यक्रम के अंतर्गत शाप्त पीएमश्री एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड में जल संरक्षण विषय पर प्रभावशाली संगोष्ठी आयोजित की गई।कार्यक्रम का आयोजन लीड नवांकुर संस्था पावन पथ समाजसेवा जन कल्याण समिति भिण्ड के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जल संरक्षण और वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया, लीड संस्था प्रमुख अतुलकांत शर्मा, प्रकर्ष फाउण्डेशन की सचिव आरती सिकरवार, परामर्शदाता नीरज शर्मा, सरिता चौहान, सुमन भदौरिया, अवधेश शर्मा, रामभरत एवं एमएसडब्ल्यू/ बीएसडब्ल्यू के छात्र अरुण शुक्ला, सोमेश हरिऔध, रुचिका जैन सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया भदौरिया ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और समाज की सहभागिता से ही इस दिशा में सार्थक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं छोटे-छोटे प्रयासों जैसे बोरी बंधान के माध्यम से जल संग्रहण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यदि हम वर्षा जल को सहेजें तो जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान 30 जून तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत नवीन जल संरचनाओं का निर्माण, पुराने जल स्रोतों का पुनर्जीवन, साफ-सफाई, मरम्मत, भूजल संवर्धन, पौधारोपण, जैविक खेती को बढ़ावा तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘जल शक्ति से नव भक्तिÓ कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और जल को जीवन का आधार मानते हुए उसके संरक्षण के लिए जन-जन को प्रेरित किया गया।
अंत में एमएसडब्ल्यू बीएसडब्ल्यू के छात्र सोमेश हरिऔध, अरुण शुक्ला, रुचिका जैन तथा नवांकुर संस्था प्रकर्ष फाउंडेशन प्रमुख आरती सिकरवार द्वारा जल संरक्षण विषय पर अपने वक्तव्य दिए। कार्यक्रम का संचालन नीरज शर्मा ने एवं आभार प्रदर्शन अवधेश शर्मा ने किया।


