– विश्व गौरैया दिवस पर सुप्रयास द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 20 मार्च.मनीष दुबे। अंतर्राष्ट्रीय गौरैया दिवस के अवसर पर जिले में गौरैया संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु शा. संदीपनी सीएम राइज स्कूल कॉटनजीन में सामाजिक संस्था सुप्रयास द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य गौरैया पक्षी के घटते अस्तित्व के प्रति जागरूक करना तथा इसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य नरेश सिंह भदौरिया ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली, शहरीकरण, मोबाइल टावरों की बढ़ती संख्या तथा पेड़ों की कटाई के कारण गौरैया की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने घरों एवं आस-पास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करें तथा छोटे-छोटे घोंसले लगाने का प्रयास करें। पर्यावरण प्रेमी शिक्षक सत्यनारायण चतुर्वेदी ने बताया कि यदि हम समय रहते जागरुक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियां इस प्यारे पक्षी को केवल तस्वीरों में ही देख पाएंगी। इसलिए सभी नागरिकों का कर्तव्य है कि वे प्रकृति और पक्षियों के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा गौरैया संरक्षण के संदेश को नारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने गौरैया बचाने का संकल्प लिया एवं सरिता शर्मा, वर्षा पांडे, नीलिमा कुशवाह, आकांक्षा श्रीवास्तव एवं कल्पना गौर ने भी गौरैया संरक्षण के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किए। अंत में रीता भदौरिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


