– विधायक बोले- इसे तीर्थ जैसा संवारेंगे
भिण्ड, 19 मार्च। शहर की धरोहर और सुंदरता का प्रतीक गौरी सरोवर अब नए स्वरूप में नजर आएगा। गुरुवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सरोवर पर एक विशाल सफाई अभियान चलाया गया। इस पहल की खास बात यह रही कि कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने स्वयं श्रमदान कर सफाई की शुरुआत की, जिससे प्रेरित होकर प्रशासनिक अमले से लेकर आम नागरिकों तक ने हाथों में झाडू और तसले उठा लिए।
जलकुंभी मुक्त होगा सरोवर, सीसीटीवी से होगी निगरानी
अभियान का मुख्य फोकस सरोवर में फैली जलकुंभी को हटाना रहा। इस दौरान सदर विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने घोषणा करते हुए कहा कि सरोवर की सुंदरता को सुरक्षित रखने के लिए जल्द ही यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइटिंग और सजावट से छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी।
शहर से गंदगी का सफाया प्रशासन की प्राथमिकता: कलेक्टर मीणा
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल गौरी सरोवर ही नहीं, बल्कि पूरे भिण्ड शहर को कचरा मुक्त बनाना है। उन्होंने शहर वासियों से अपील की कि वे कचरा सड़कों या सरोवर में न फेंककर स्वच्छता में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस महा-अभियान में जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डे, एसडीएम अखिलेश शर्मा सहित नगर पालिका का अमला, पार्षदगण, समाजसेवी, युवा और पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सरोवर के किनारों से कचरा हटाया और शहर को स्वच्छ सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
इनका कहना है:
‘गौरी सरोवर भिण्ड की अनमोल धरोहर है। इसे साफ रखना केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जनभागीदारी से हम इसे एक तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेंगे।’
नरेन्द्र सिंह कुशवाह, विधायक


